पीडि़त प्रतिकर योजना के तहत राशि स्वीकृत
जोधपुर। राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना राजस्थान पीडि़त प्रतिकर स्कीम 2011 के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष और जिला एवं सत्र न्यायाधीश रवीन्द्र कुमार जोशी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इसके तहत विभिन्न प्रकरणों में पीडि़त पक्षों को उक्त योजना के तहत कुल 19 लाख 25 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई जो शीघ्र ही पीडि़तों को आवंटित की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रैना शर्मा ने बताया कि अपराध के विरूद्ध हुई हानि की पूर्ति के लिए राजस्थान पीडि़त प्रतिकर योजना 2011 के तहत बैठक का आयोजन किया गया जिसमें सदस्य न्यायाधीश श्रम एवं औद्योगिक न्यायालय सुरेन्द्र कुमार द्वितीय, न्यायाधीश पोक्सो न्यायालय अखिलेश कुमार, न्यायाधीश मोटरयान दुर्घटना दावा अधिकरण रामेश्वर दयाल रोहिला, मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट, जोधपुर महानगर एहसान अहमद, एडीएम जोधपुर सिटी रामचन्द्र गरवा, पुलिस उपायुक्त भुवन भूषण यादव, सहायक पुलिस आयुक्त नूर मोहम्मद, राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नाथुसिंह राठौड, राजकीय अधिवक्ता केशर सिंह नरूका इत्यादि सदस्यों ने विभिन्न प्रकरणों में पीडि़तों के लिए 19 लाख 25 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की।