पुरुषोत्तम मास में आयोजित भोगीशैल परिक्रमा यात्रा का प्रथम निमंत्रण गणेश जी महाराज को अर्पित
जोधपुर। पुरुषोत्तम (अधिक मास) के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली भोगीशैल परिक्रमा यात्रा का प्रथम निमंत्रण जोधपुर के रातानाडा स्थित ऋद्धि-सिद्धि के दाता गणेश जी महाराज को अर्पित किया गया।
भोगीशैल परिक्रमा यात्रा आयोजन समिति के सचिव विष्णुचन्द्र प्रजापत ने जानकारी देते हुए बताया कि मारवाड़ की पावन धरा, सूर्य नगरी जोधपुर की नांगवंशी पहाड़ियों के चारों ओर पुरुषोत्तम (अधिक मास) के दौरान “मारवाड़ का कुंभ” कहलाने वाली भोगीशैल परिक्रमा यात्रा का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विक्रम संवत् 2083 में ज्येष्ठ मास अधिक होने के कारण, यात्रा के शुभारंभ हेतु प्रथम निमंत्रण संयोजक नरेश जाजड़ा एवं समिति के पदाधिकारियों द्वारा विधिवत रूप से गणेश जी महाराज को अर्पित किया गया।
मंदिर के मुख्य पुजारी महेश अबोटी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई तथा ₹2100/- की प्रथम रसीद गणेश जी महाराज के नाम से जारी की गई।
इस अवसर पर मंडल प्रधान महेश कुमार जाजड़ा, संयोजक नरेश जाजड़ा, सचिव विष्णुचन्द्र प्रजापत, मुख्य मेला व्यवस्थापक राकेश गौड़, महेन्द्र सिंह तंवर, मदन सैन, सुरेन्द्र सिंह साखला, यतीन्द्र प्रजापत, हनवंत राज गौच्छा, वरुण धनाडिया, रजत गौड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।