शौर्य और पराक्रम की प्रतीक है भारतीय सेना: जोशी
जोधपुर। भारतीय सेना शौर्य और पराक्रम की प्रतीक है। हमारी सेना सशक्त, साहसी और संकल्पबद्ध है, जिसने हमेशा देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। राष्ट्र के प्रति सैनिकों की निस्वार्थ सेवा और समर्पण पर सभी देशवासियों को गर्व है। यह विचार जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर अरविंद जोशी ने बतौर मुख्य अतिथि गीता भवन स्थित श्रीकृष्ण स्वाध्याय केन्द्र में सीमा संघोष द्वारा मनाए जा रहे सीमा सुरक्षा सप्ताह से जुड़े पोस्टर विमोचन समारोह में व्यक्त किए।
सीमा संघोष से जुड़ी पुष्पा ने बताया कि देश के वीर सैनिकों और अफसरों को सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से सीमा संघोष द्वारा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर सीमा सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 21 फरवरी से 27 फरवरी तक आयोजित होगा। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पंकज भंडारी ने बताया कि इस सप्ताह के अंतर्गत पत्रिका से जुड़े और अन्य देशवासी सेना व सैनिकों से संबंधित विभिन्न प्रकार की जानकारियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करेंगे। इन जानकारियों में वीर सैनिकों की बलिदान गाथा प्रमुखता से प्रकाशित होंगी। इस समारोह में सीमा संघोष पत्रिका से जुड़े राघव शर्मा, विक्रम सिंह राजपुरोहित, प्रीति गोयल, मोहनलाल, अजयपाल सिंह, अशोक भाटी सहित अनेक लोग उपस्थित थे। समारोह का संयोजन अमित सिंह ने किया। समारोह के अंत मे सुधांशु टाक ने धन्यवाद ज्ञापित किया।