बास्केटबॉल के कोर्ट पर दिखेगा खेल प्रतिभा का दम, 45 टीमें आमने-सामने
14 वर्ष छात्र-छात्रा जिला स्तरीय प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ, खिलाड़ियों ने ली खेल भावना की शपथ
जोधपुर। 70वीं जिला स्तरीय 14 वर्ष छात्र-छात्रा बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ श्री सुमेर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, महामंदिर में हुआ।
महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय ढाढणिया भायला, बालेसर के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में छात्र वर्ग की 26 और छात्रा वर्ग की 19 टीमें, कुल 45 टीमें भाग ले रही हैं।
शुभारंभ अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रतियोगिता संयोजक धर्म नारायण ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं नियमों के पालन की शपथ दिलाई।
इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की।
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबलों में दमखम दिखा रहे हैं।
मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा का जोश देखते ही बन रहा है।
प्रतियोगिता के मुकाबले संयोजक विद्यालय के शारीरिक शिक्षक इमरान मुगल एवं अन्य शारीरिक शिक्षकों की देखरेख में आयोजित किए जा रहे हैं।
सभी मुकाबले विभागीय दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित खेल नियमों के अनुसार कराए जा रहे हैं।
प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।