6वीं राष्ट्रीय हैंड टू हैंड फाइटिंग स्पोर्ट चैंपियनशिप में राजस्थान बना ओवरऑल उपविजेता
5 स्वर्ण और 13 रजत पदकों के साथ राजस्थान का शानदार प्रदर्शन, महाराष्ट्र रहा विजेता
जोधपुर। जोधपुर में आयोजित 6वीं राष्ट्रीय हैंड टू हैंड फाइटिंग स्पोर्ट चैंपियनशिप-2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। 18 से 20 सितंबर तक महार्षि दयानंद सरस्वती स्मृति भवन, रतनाड़ा में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 20 राज्यों के करीब 400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के साथ सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए। शानदार प्रदर्शन के दम पर राजस्थान ने ओवरऑल उपविजेता का स्थान हासिल किया, जबकि महाराष्ट्र की टीम विजेता रही।
राजस्थान के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण और 13 रजत पदक अपने नाम किए। राजस्थान के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार एवं आयु वर्गों में बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया।
किक, पंच और थ्रो से खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
हैंड टू हैंड फाइटिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने किक, पंच और थ्रो जैसी तकनीकों के माध्यम से मुकाबलों में अपना दमखम दिखाया। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के बीच कड़े एवं रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और खेल भावना दिखाई दी।
70 किलो वर्ग में वीर प्रताप का शानदार प्रदर्शन
राजस्थान के वीर प्रताप ने सीनियर वर्ग के 70 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा के खिलाड़ी को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। वीर प्रताप के प्रदर्शन ने राजस्थान टीम के पदक अभियान को मजबूती दी। उनके मुकाबले के दौरान दर्शकों एवं राजस्थान टीम के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक उनका समर्थन किया।
महेंद्र परिहार चुने गए बेस्ट कोच
राजस्थान टीम की सफलता में खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों और प्रबंधन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। राजस्थान टीम के कोच महेंद्र परिहार को बेस्ट कोच का सम्मान प्राप्त हुआ। वहीं यशदीप सिंह ने राजस्थान टीम मैनेजर के रूप में टीम की व्यवस्थाओं और खिलाड़ियों के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समापन समारोह में नरेश सांखला रहे मुख्य अतिथि
समापन समारोह में किशन जी देवड़ा और नरपत जी सांखला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समारोह में भैरू सिंह जी परिहार, नरेश परिहार, जसवंत जी कच्छवाह, जितेंद्र सांखला (भारत के जूडो कोच),भूपेंद्र जी, अनिल जी पंवार, विक्रम सिंह राठौड़ और विजय गुप्ता, मंगल सिंह जी, सोहन जी अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आयोजन अध्यक्ष मनोहर सिंह टाक ने अतिथियों का स्वागत किया। गणेश परिहार की अध्यक्षता में आयोजित समापन समारोह में खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया गया।
आयोजन में सहयोग देने वालों का जताया आभार
मैनेजमेंट डायरेक्टर गजेंद्र गहलोत का विशेष योग रहा
चैंपियनशिप के सफल आयोजन में अनेक पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन में जगदीश प्रसाद आर्य, महेंद्र गिरी, महिपाल सिंह, कुलदीप पंवार, प्रदीप देवड़ा, प्रवीण गौड़, समुंदर सिंह, नीतू, जयेश, मुकेश, मुकेश प्रजापत, मनीष प्रजापत, वरुण, सूर्य, रवि ,कमल प्रताप, प्रकाश एवं योगेश सहित अनेक लोगों ने सहयोग किया।
इसके अलावा चंद्रसिंह टाक, मनीष भाटी और मधुसूदन जोशी, संदीप सांखला का भी प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विशेष सहयोग रहा।
विक्रम परिहार ने बताया—राष्ट्रीय मंच पर राजस्थान ने बनाई मजबूत पहचान
हैंड टू हैंड फाइटिंग स्पोर्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के महासचिव विक्रम परिहार ने बताया कि तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से आए करीब 400 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राजस्थान के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल रनर-अप का स्थान हासिल किया, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिलता है और युवाओं में खेल, अनुशासन, फिटनेस, आत्मविश्वास एवं आत्मरक्षा की भावना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, टीम मैनेजर, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
समापन अवसर पर विजेता महाराष्ट्र टीम को चैंपियनशिप की ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि राजस्थान टीम को ओवरऑल उपविजेता के रूप में सम्मानित किया गया। तीन दिनों तक चले इस राष्ट्रीय खेल आयोजन का समापन खिलाड़ियों में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ।