‘हनुमान अंश’ की टीम ने केंद्रीय मंत्री शेखावत से की मुलाकात
फिल्म की सफलता पर शेखावत ने दी बधाई
जोधपुर/दिल्ली। अपनी सरलता, सहजता और भावप्रवणता से दर्शकों के हृदय में विशेष स्थान बनाने वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने बुधवार को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री एवं जोधपुर सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की।
फिल्म की टीम के सभी साथी केंद्रीय मंत्री शेखावत से मिलने पहुंचे। इस दौरान फिल्म, उसके विषय और दर्शकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया को लेकर आत्मीय एवं सुखद चर्चा हुई। शेखावत ने फिल्म की शानदार सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि आस्था, अध्यात्म और संस्कृति को एकाकार करने वाली ऐसी कहानियां बड़े पर्दे पर निरंतर आती रहनी चाहिए। भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ी कथाएं दर्शकों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी तक हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती हैं।
इस अवसर पर ‘हनुमान अंश’ की टीम ने केंद्रीय मंत्री शेखावत के साथ फिल्म से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी संवाद किया।