बिड़ला इंटरनेशनल स्कूल के युधिष्ठिर देवासी का राजस्थान की अंडर-19 क्रिकेट टीम के शिविर में चयन

सोजत। सोजत के बिड़ला इंटरनेशनल स्कूल के छात्र युधिष्ठिर देवासी ने क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत 19 वर्षीय क्रिकेट वर्ग में राजस्थान टीम के चयन प्रशिक्षण शिविर के लिए उनका चयन हुआ है। युधिष्ठिर लगातार दूसरे वर्ष इस शिविर के लिए चयनित हुए हैं। प्रशिक्षण शिविर 2 से 8 नवंबर तक महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, गणपति नगर जयपुर में आयोजित होगा। इसके बाद राजस्थान की टीम 11 से 17 नवंबर तक नरसिंहपुर, मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेगी।
विद्यालय निदेशक मदन गहलोत ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि युधिष्ठिर का लगातार दूसरे वर्ष चयन होना विद्यालय के लिए गर्व की बात है। प्रधानाचार्य नीलू राठौड़ ने बताया कि पूरे पाली जिले से इस चयन प्रशिक्षण शिविर में जगह बनाने वाले युधिष्ठिर एकमात्र खिलाड़ी हैं।
बगड़ी ग्राम पंचायत की देवासियों की ढाणी निवासी युधिष्ठिर देवासी पिता गोपाराम देवासी एवं माता जथू देवी के पुत्र हैं। उनकी सफलता पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नवनिर्वाचित सरपंच ओमप्रकाश कालू भाई मेवाड़ा एवं पार्षदों ने साफा और माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। बिड़ला इंटरनेशनल स्कूल में भी विद्यालय परिवार ने आतिशबाजी कर फूलों एवं गुलाल के साथ उनका स्वागत किया।
युधिष्ठिर ने अपनी सफलता का श्रेय क्रिकेट कोच कुशल शर्मा के आठ वर्षों के निरंतर मार्गदर्शन, माता-पिता और ग्रामीणों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने आगामी प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प जताया। कोच कुशल शर्मा ने बताया कि युधिष्ठिर ने गत वर्ष भी राष्ट्रीय स्तर के चयन शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राजस्थान टीम में स्थान बनाया था। इस बार भी उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। उनकी उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, देवासी समाज और ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।