रावणा राजपूत समाज का तहसील स्तरीय प्रतिभावान सम्मान समारोह सम्पन्न, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
सोजत रोड। सोजत रोड के सिसरवाड़ा रोड स्थित महादेव रिसोर्ट में रावणा राजपूत समाज सोजत का तहसील स्तरीय प्रतिभावान सम्मान समारोह रविवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के कृषि विपणन बोर्ड के संयुक्त निदेशक केसरसिंह सोलंकी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक शोभा चौहान मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु वंदना एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। इसके बाद महेन्द्रसिंह चौहान ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर कठिन परिश्रम करने और सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक शोभा चौहान ने कहा कि रावणा राजपूत समाज हमेशा सामाजिक और धार्मिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डिजिटल लाइब्रेरी के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कराने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में शैलेन्द्रसिंह गहलोत ने विद्यार्थियों को खेलों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी देते हुए अपनी रुचि के अनुसार खेल क्षेत्र में भी पूरी मेहनत और समर्पण से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
वहीं रणवीरसिंह परिहार ने कहा कि समाज में शिक्षा के प्रति लगातार जागरूकता बढ़ रही है। प्रशासनिक सेवाओं में रावणा समाज के युवाओं का चयन हो रहा है और देशभर में समाज के अधिकारी अपनी प्रतिभा से समाज का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व सभापति मूलसिंह भाटी तथा पूर्व जिलाध्यक्ष मुलसिंह गहलोत ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में कक्षा 10वीं, 12वीं एवं स्नातक स्तर पर 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को टेबलेट भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।
अंत में तहसील अध्यक्ष किशोर सिंह सांखला ने अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आशा कंवर भाटी (जोधपुर) एवं गजेन्द्रसिंह गहलोत ने किया।
समारोह में सोजत तहसील के सोजत, सोजत रोड, बगड़ी नगर, चंडावल, मेव, सिसरवाड़ा, खोखरा, झूपेलाव, सरदार समंद सहित 42 गांवों के पंच-पटेल एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु, महिलाएं और मेधावी विद्यार्थी उपस्थित रहे।