भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता बनने पर राजेश तंवर का माली समाज ने किया भव्य अभिनंदन
सोजत। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त होने पर सोजत निवासी भाजपा नेता राजेश तंवर का माली समाज सोजत द्वारा भव्य स्वागत एवं सामूहिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माली समाज भवन, नयापुरा में उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें समाजबंधुओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
समारोह की अध्यक्षता माली समाज सोजत के अध्यक्ष चंपालाल सांखला ने की। कार्यक्रम में माली समाज नयापुरा के चौधरी देवीलाल सांखला, बड़ा बास के चौधरी गोवर्धनलाल गहलोत, धोली बाड़ी के चौधरी गणपत सिंह टांक, पावटी का बास के चौधरी ताराचंद सैनी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस दौरान सोजत भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति तंवर की उपस्थिति में नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर का माल्यार्पण, साफा पहनाकर एवं पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समाजबंधुओं ने “राजेश तंवर जिंदाबाद” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों के साथ खुशी जताई।
अपने संबोधन में राजेश तंवर ने माली समाज एवं भाजपा संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे स्वयं को माली समाज का बेटा मानते हैं और समाज के आशीर्वाद व समर्थन से ही उन्हें संगठन में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसका वे पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमावत, सोजत विधायक शोभा चौहान एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया कि सोजत भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति तंवर, नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर की धर्मपत्नी हैं।
समारोह में चाड़वास भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश सिंह राजपुरोहित, हीरालाल काठेड़, भाजपा मंडल मंत्री राकेश देवड़ा, भाजपा नेता राकेश भटनागर, नरपत सिंह सोढ़ा, नरपत सिंह राव सहित बड़ी संख्या में माली समाजबंधु, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।