सोजत के राजेश तंवर बने भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
सोजत। शहर के युवा भाजपा नेता एवं सक्रिय कार्यकर्ता राजेश तंवर को भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किए जाने पर सोजत सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। उनकी नियुक्ति को संगठन के प्रति वर्षों से किए गए समर्पित कार्य, जनसंपर्क और पार्टी विचारधारा के प्रति निष्ठा का परिणाम माना जा रहा है।
राजेश तंवर लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और सामाजिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाई है। युवाओं, व्यापारियों और आमजन के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उनकी सरल कार्यशैली और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण वे क्षेत्र में एक लोकप्रिय नेता के रूप में अपनी पहचान रखते हैं।
प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सोजत में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को बधाई दी। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि राजेश तंवर की नियुक्ति से संगठन को मजबूती मिलेगी तथा ओबीसी समाज की आवाज प्रदेश स्तर पर और प्रभावी ढंग से उठ सकेगी।
अपनी नियुक्ति पर राजेश तंवर ने पार्टी शीर्ष नेतृत्व एवं ओबीसी मोर्चा प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि वे संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के हर वर्ग की समस्याओं को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे।
राजेश तंवर ने अपनी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण दवे, विधायक शोभा चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी तथा महेंद्र कुमावत का विशेष आभार व्यक्त किया।
उनकी नियुक्ति पर भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल, युवा कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।