जोधपुर स्थापना दिवस पर गुलाब सागर बच्चा नहर में चला विशाल स्वच्छता अभियान
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने किया श्रमदान
जोधपुर। जोधपुर के 568वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को गुलाब सागर बच्चा नहर क्षेत्र में विशाल स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहर की ऐतिहासिक धरोहरों एवं जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ एवं सुंदर जोधपुर के संकल्प को मजबूत करना रहा।
अभियान के दौरान शहर विधायक श्री अतुल भंसाली, जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन, नगर निगम आयुक्त श्री राहुल जैन, नगर निगम उपायुक्त श्री स्वरूप सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने श्रमदान कर स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि जोधपुर की ऐतिहासिक पहचान एवं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के लिए स्वच्छता एवं जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजन से भी शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चा नहर क्षेत्र में साफ-सफाई कर कचरे का निस्तारण किया गया तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान में स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न संगठनों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।