सोजत के बगड़ी में वर्षों पुराना अतिक्रमण तहसील प्रशासन ने हटाया,
सोजत/बगड़ी। तहसील प्रशासन सोजत ने मंगलवार को बगड़ी नगर में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की भूमि पर वर्षों से हो रहे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। यह भूमि पटवार मंडल बगड़ी चक-2 के खसरा संख्या 5033 में सहवाज-सारंगवास मुख्य सड़क पर स्थित है।
प्रशासन के अनुसार इस भूमि पर मोहनलाल नायक द्वारा लंबे समय से अतिक्रमण किया हुआ था। वर्ष 2022 में भी तत्कालीन तहसीलदार ने अतिक्रमण हटाया था, लेकिन बाद में दोबारा कब्जा कर लिया गया। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार शिकायतें मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। अतिक्रमण के कारण आम लोगों को रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
तहसीलदार डॉ. दिलीप सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान भू-अभिलेख निरीक्षक राजू सिंह राठौड़, आरआई हुकम सिंह चम्पावत, पटवारी चम्पादान, किशनलाल, संजय मेवाड़ा, हुकमसिंह, सुनील सिंदल और पूनम चौधरी मौजूद रहे। बगड़ी नगर पुलिस जाब्ता भी मौके पर तैनात रहा।
कार्रवाई के दौरान मौके से मिले सामान को बगड़ी नगर पंचायत के सुपुर्द किया गया। वर्षों बाद अतिक्रमण हटने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और प्रशासन की कार्रवाई की सराहना की।
तहसील प्रशासन ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।