568वें जोधपुर स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक आयोजनों की रही धूम

-मेहरानगढ़ में पर्यटकों का पारंपरिक स्वागत, तूरजी के झालरे पर सजा दीपोत्सव

जोधपुर। राजस्थान पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जोधपुर का 568वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर शहरभर में विविध सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

उपनिदेशक पर्यटन विभाग श्री भानुप्रताप ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत प्रातः घंटाघर परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ शहर विधायक श्री अतुल भंसाली द्वारा हरि झंडी दिखाकर किया गया। कैमल फ्रंटियर बीएसएफ, जोधपुर के बैंड द्वारा प्रस्तुत विशेष बैंड वादन ने आमजन एवं पर्यटकों को आकर्षित किया तथा पूरे क्षेत्र में उत्सवमय वातावरण का संचार हुआ।

उन्होंने बताया कि इसके पश्चात पर्यटन विभाग, जोधपुर द्वारा मेहरानगढ़ दुर्ग में आगन्तुक देशी एवं विदेशी पर्यटकों का माल्यार्पण कर पारंपरिक स्वागत किया गया। इस दौरान लोक कलाकारों द्वारा राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति एवं परंपराओं को प्रदर्शित करती रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें पर्यटकों ने अत्यंत सराहा।

संयुक्त निदेशक पर्यटन विभाग डॉ. सरिता फिड़ौदा ने बताया कि संध्याकालीन कार्यक्रमों के अंतर्गत तूरजी के झालरे पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। दीपों की आकर्षक सज्जा से ऐतिहासिक स्थल आलोकित हो उठा। कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों द्वारा लोक नृत्य एवं लोक गायन की मनोहारी प्रस्तुतियां दी गईं, जिनसे स्थापना दिवस समारोह को विशेष सांस्कृतिक गरिमा प्राप्त हुई।

डॉ. सरिता फिड़ौदा ने बताया कि स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर शहर की प्रमुख ऐतिहासिक इमारतों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर की गई सजावटी रोशनी ने भी नागरिकों एवं पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया तथा पूरे शहर को उत्सवी स्वरूप प्रदान किया।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button