समाजसेवी लखावत की पहल बनी मिसाल: सरकारी अभियान से पहले 122 बेटियों को लगा एचपीवी टीका

सोजत।देशभर में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान से पहले ही सोजत क्षेत्र में एक प्रेरणादायक सामाजिक पहल सामने आई है। क्षेत्र के समाजसेवी एवं भामाशाह अनोप सिंह लखावत के प्रयासों से 122 बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाकर इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान की जा चुकी है।

जानकारी के अनुसार भारत सरकार जल्द ही 14 वर्ष तक की लड़कियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) की मुफ्त सिंगल डोज देने जा रही है। अभियान के तहत प्रतिवर्ष लगभग 1.15 करोड़ किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। शुरुआती चरण में ‘गार्डसिल’ वैक्सीन का उपयोग किया जाएगा।

सरकारी घोषणा से पूर्व ही सोजत में अनोप सिंह लखावत (अध्यक्ष, चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन – सोशियो) की पहल पर तीन विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में बालिकाओं को वैक्सीन की सभी आवश्यक डोज निःशुल्क लगवाई गईं। इस कार्य में जोनल अध्यक्ष ओमप्रकाश उजवल, सचिव सरदारसिंह सांदु, महेंद्रसिंह खिड़िया, महेंद्रसिंह बारठ, देशराज अखावत, जिला अध्यक्ष महिपालसिंह लखावत, एम.डी. राजाभाई रुड़ाच, डॉ. सुमन कविया, जनक कंवर एवं प्रकाश कंवर सहित टीम के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।

इस पहल की समाज में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय नागरिकों और समाजबंधुओं ने इसे बेटियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए लखावत का आभार व्यक्त किया है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी मानी जाती है। ऐसे में सरकारी अभियान के साथ समाजसेवियों की ऐसी पहल देश की लाखों बेटियों को इस गंभीर बीमारी से बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button