सोजत के महावीर सिंघवी बने कनाडा में महावाणिज्य दूत, क्षेत्र में खुशी की लहर
सोजत। शहर के लिए गर्व का विषय है कि सोजत में जन्मे श्री महावीर सिंघवी ने कनाडा के टोरंटो स्थित भारत के वाणिज्य दूतावास में भारत के महावाणिज्य दूत (कौंसुल जनरल) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से सोजत सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
जानकारी देते हुए प्रफुल्ल ओझा ने बताया कि श्री सिंघवी की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारत और कनाडा के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। वे अपने कार्यकाल में व्यापार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और नवाचार जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने पर विशेष ध्यान देंगे।
सिंघवी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कनाडा के विभिन्न हितधारकों तथा वहां के सक्रिय भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ मिलकर आपसी विश्वास को सुदृढ़ करने, साझेदारियों का विस्तार करने और साझा मूल्यों पर आधारित मजबूत संबंध स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विविध अनुभव के धनी श्री सिंघवी एक कुशल राजनयिक होने के साथ-साथ वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कंपनी सचिव, एमबीए तथा कॉस्ट एवं मैनेजमेंट अकाउंटेंट भी हैं। उन्हें रणनीतिक, आर्थिक और वैश्विक मामलों के साथ-साथ द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय संबंधों का व्यापक अनुभव है।
इस संबंध में घोषणा भारत का उच्चायोग, ओटावा तथा विदेश मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए की गई।
महावीर सिंघवी की इस उपलब्धि पर उनके गुरु सुरेश ओझा, महेंद्र मेहता, सुरेश मेहता, अनिल सिंघवी, उनकी बहन सुश्री संगीता सिंघवी, मानक राज चौहान और पंकज त्रिवेदी सहित कई लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।