सोजत में 30 अप्रैल को होगा नवम सामूहिक विवाह सम्मेलन, तैयारियों को लेकर माली समाज की बैठक आयोजित
सोजत। समस्त माली समाज विकास समिति के तत्वावधान में रविवार को जेतारणीया गेट के बाहर स्थित माली समाज भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक माली समाज अध्यक्ष चंपालाल सांखला की अध्यक्षता में तथा चारों मोहल्लों के चौधरी-पंचों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 30 अप्रैल को पोकर फार्महाउस में आयोजित होने वाले नवम सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष चंपालाल सांखला ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज की एकता, सहयोग और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा मजबूत होता है और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी सम्मानपूर्वक अपने बच्चों का विवाह करने का अवसर मिलता है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की।
बैठक में समाज के वरिष्ठजनों, पंचों एवं कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया। पदाधिकारियों ने बताया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज की एक महत्वपूर्ण परंपरा बन चुका है और इसे हर वर्ष अधिक भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है।
मीडिया प्रभारी आनंद भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए अब तक 30 आवेदन फार्म वितरित किए जा चुके हैं, जिनमें से 22 फार्म जमा हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि सम्मेलन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और अधिक से अधिक जोड़ों के पंजीयन की संभावना है।
बैठक में विभिन्न समितियों के गठन, अतिथियों के आमंत्रण, भोजन व्यवस्था, बारात स्वागत, मंच संचालन तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई। समाज के वरिष्ठजनों ने सभी समाजबंधुओं से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर माली समाज के पूर्व अध्यक्ष ताराचंद टांक, उपाध्यक्ष हेमाराम भाटी, सोहनलाल सोराल, लक्ष्मण गहलोत काकू, देवीलाल सांखला, मांगीलाल पालरिया, रतनलाल भाटी, कमलेश सांखला, बालमुकुंद गहलोत, गौरीशंकर सांखला, मांगीलाल अटपड़ा, प्रकाश तंवर, गोरधनलाल गहलोत सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग व समाजबंधु उपस्थित रहे।