सभी तरह की शक्तियां बढ़ाता है योग: परिहार
जोधपुर। क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो जोधपुर व सिरोही द्वारा योग पर विशेष वेबिनार का आयोजन किया गया।
इस वेबिनार को संबोधित करते हुये योग प्रशिक्षक भगवान राम परिहार ने बताया कि योग प्राचीन भारतीय जीवन पद्धति है जो हमारी शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक एवं भावनात्मक शक्ति को बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि योग, ध्यान, एकाग्रता को प्रोत्साहन देता है साथ ही सर्वांगीण रूप से मानसिक दक्षता को बढ़ाने में सहायता प्रदान करता है। परिहार ने सत्र में प्रतिभागियों को अनुलोम-विलोम, कपाल भाति, भस्त्रिका और भ्रामरी व अन्य प्राणायाम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही योग की विभिन्न क्रियाओं का प्रदर्शन भी करके दिखाया। वेबिनार में सिरोही के योग प्रशिक्षक भीकसिंह भाटी ने बताया कि शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए योग अत्यंत मत्वपूर्ण है। कोरोना काल में योग ने अपनी मत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भाटी ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन आदि का प्रदर्शन करते हुये इनकी उपयोगिता के बारें में बताया।
वेबिनार में योग प्रशिक्षक गणपत सिंह देवड़ा ने आंख, गर्दन व ऊर्जा स्तर बढ़ाने के सूक्ष्म व्यायाम का प्रदर्शन करते हुए इनकी उपयोगिता की जानकारी दी। सत्र में प्रादेशिक लोक सम्पर्क ब्यूरो जयपुर के सहायक निदेशक कैलाशचंद मीणा ने बताया कि इस साल योग दिवस बी विद योग, बी एट होम यानी योग के साथ रहें, घर पर रहें थीम पर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इस दिन को मनाने का उद्देश्य योग के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना, साथ ही तनाव मुक्त करना भी है।
वेबिनार का संचालन क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो जोधपुर के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी आशीष वर्मा ने किया। वेबिनार में सिरोही के क्षेत्रीय प्रचार सहायक फूलचंद गहलोत ने सभी को धन्यवाद ज्ञापन किया। इस वेबिनार में प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो जयपुर तथा क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो के अधिकारी व कर्मचारियों, महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जोधपुर, भारत स्काउट गाइड जैसलमेर, महिला एवं बाल विकास विभाग पावटा, पंचायत समिति मण्डोर के जनप्रतिनिधिगण, पत्र सूचना कार्यालय, नेहरू युवा केंद्र, जोधपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया।