भगवान श्रीविष्णु की तीन लाख नाम से ज्यादा आहुतियां
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। दईजर लाछा बासनी स्थित संवित् धाम आश्रम मेंं पुरुषोत्तम-अधिक मास के तहत लगातार श्रीविष्णु व श्रीगुरु हवन का आयोजन हो रहा है जो सम्पूर्ण पुरुषोत्तम मास 16 अक्टूबर तक चलेगा। संवित् धाम परिसर में वैदिक मंत्रों की गूंज से सारा वातावरण शुद्ध हो गया है। साधक महेश हर्ष के आचार्यत्व में प्रतिदिन प्रात: 8 बजे से 9.30 बजे तक हवन आयोजित हो रहा है। प्रतिदिन दो हवन कुण्ड में लगभग 10 साधक प्रतिदिन आहुति दे रहे हैं तथा सम्पूर्ण माह में भगवान श्रीविष्णु के नाम से 3 लाख आहुतियां दी जाएगी। संवित् साधनायन संस्थान यज्ञ समिति के राजेन्द्र हर्ष ने बताया कि परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ईश्वरानन्द गिरि महाराज द्वारा स्थापित संवित् धाम में चल रहे श्रीविष्णु व श्रीलक्ष्मी हवन के लिए 151 यजमान के नाम से प्रतिदिन संकल्प लिया जाता है तथा सरकारी निर्देशानुसार दो हवन कुण्ड पर 5-5 साधक बैठकर आहुतियां दे रहे है। डॉ सीएस कल्ला, सुरेश हर्ष, जगदीश पुरोहित, राजेश कल्ला, शेखर थानवी, महेश बोहरा,गोविन्द जोशी, सन्तोष लोहरा, सुनील दाधीच, विनोद कल्ला, भंवरलाल पारीख, श्याम किशन बोहरा, नेमाराम गहलोत, नरेन्द्र बोहरा व अन्य साधकों ने आहुतियां दी।
संस्थान के अश्विनी व्यास, महेश बोहरा ने बताया पुरुषोत्तम मास हवन में आघार आहुति के तहत भगवान प्रजापति, सोम, अग्नि, इन्द्र तथा योगिनी के तहत महालक्ष्मी, महाकाली, महा सरस्वती व क्षेत्रपाल के नाम से आहुतियां दी जा रही है। इसी तरह भगवान गणपति, वास्तु, नवग्रह के साथ साथ पुरुष सूक्त, विष्णुसहस्रनाम, नील सूक्त, श्रीसूक्त से भगवान शिव, भगवान विष्णु, महालक्ष्मी व गुरु मंत्रों से भी आहुतियां दी गयी। हवन से पूर्व पूजन में भगवान श्रीविष्णु की 33 मालपुओं से अर्चना तथा हवन में 33 मालपुओं से आहुति दी जा रही है।