रेलवे महाप्रबंधक शर्मा ने जोधपुर-पाली मारवाड़ रेलखंड का किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
-ट्रैक,सिग्नल,अंडरपास और फाटकों का लिया जायजा,सुरक्षित रेल संचालन के निर्देश

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को जोधपुर-पाली मारवाड़ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अपने दो दिवसीय जोधपुर दौरे के दौरान उन्होंने चलती निरीक्षण ट्रेन से रेलवे ट्रैक,सिग्नल और ट्रेन संचालन की स्थिति को बारीकी से देखा। उन्होंने अधिकारियों को रेल संचालन से जुड़े सभी निर्धारित सुरक्षा नियमों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने जोधपुर-लूनी-पाली मारवाड़ रेल पटरियों की स्थिति,ट्रेन के चलने में आने वाले झटकों और पटरियों के सही जुड़ाव की जांच की। साथ ही सिग्नल साफ दिखाई देने,चेतावनी और गति सीमा बताने वाले बोर्ड तथा किलोमीटर दर्शाने वाले संकेतकों की स्थिति देखी। रेलखंड पर बने अंडरपास और रेलवे फाटकों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। फाटकों पर कर्मचारियों की सतर्कता,निर्धारित गति सीमा के पालन और सिग्नल के अनुसार ट्रेन चलाने की व्यवस्था पर ध्यान दिया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेल संचालन से जुड़े सभी निर्धारित सुरक्षा नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता से दूर करने और ट्रैक,सिग्नल व अन्य व्यवस्थाओं की नियमित जांच करने पर जोर दिया। इन प्रयासों से ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने के साथ यात्रियों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
ये अधिकारी रहे साथ
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी,मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति) सुनील कुमार, उपमुख्य निर्माण अभियंता (गति शक्ति) प्रवेंद्र सिंह,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ललित कुमार,वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तरुण बीका,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव,वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आरएन जाट,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अमित स्वामी और वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) अनुपम कुमार वरिष्ठ मण्डल बिजली इंजीनियर (सामान्य) महेन्द्र मीणा,वरिष्ठ मण्डल बिजली इंजीनियर (टीआरडी),वरिष्ठ मण्डल बिजली इंजीनियर(टीआरओ)
सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।