500 से अधिक जातकों ने किया पितरों का तर्पण, आचार्य अजय हर्ष सहित सहयोगियों का किया सम्मान
भूतनाथ मंदिर में सर्वपितृ अमावस्या पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

जोधपुर। पितरों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व पितृपक्ष शनिवार को सर्वपितृ अमावस्या के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर भूतनाथ मंदिर में पूर्वजों के निमित्त तर्पण करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखने वाली सर्वपितृ अमावस्या पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार सर्वपितृ अमावस्या पर किया जाने वाला तर्पण केवल उन पितरों के लिए ही नहीं होता, जिनकी पुण्यतिथि ज्ञात है, बल्कि ज्ञात-अज्ञात एवं विस्मृत पूर्वजों के निमित्त भी तर्पण किया जाता है। इसी मान्यता के अनुरूप शनिवार को भूतनाथ मंदिर में सुबह तीन पारियों में तर्पण का आयोजन किया गया, जिसमें 500 से अधिक जातकों ने भाग लेकर अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर जातकों की ओर से आचार्य पं. अजय हर्ष का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। वहीं, भूतनाथ मंदिर समिति की ओर से तर्पण कार्य के सफल संचालन में सहयोग देने वाले गोविंद किशन बोहरा, अनिल बोहरा, महेश हर्ष, मुकेश चंडक, ब्रजेश व्यास एवं सुनील पुरोहित का सम्मान किया गया। आयोजन में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से तर्पण कर अपने पितरों के प्रति श्रद्धा अर्पित की।
