ओसियां में सामूहिक गोद भराई रस्म का आयोजन, 23 गर्भवती महिलाओं को वितरित की गई मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट

- स्वास्थ्य, पोषण एवं मातृ कल्याण योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

जोधपुर। जिला महिला एवं बाल विकास विभाग एवं रॉकेट लर्निंग संस्था के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को ओसियां ब्लॉक में सामूहिक गोद भराई रस्म का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 23 गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोद भराई कर उनका सम्मान किया गया तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को चुनरी ओढ़ाकर, माला पहनाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। स्थानीय लोकगीतों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह एवं सांस्कृतिक वातावरण का संचार हुआ। इस अवसर पर विभाग की ओर से महिलाओं को मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट का वितरण भी किया गया।

पोषण स्तर सुधारने के उद्देश्य से वितरित की गई न्यूट्री किट
गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार एवं मातृ स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वितरित न्यूट्री किट में 1 किलोग्राम शुद्ध घी, 500-500 ग्राम पिंड खजूर, रोस्टेड मूंगफली, रोस्टेड चना एवं गुड़ तथा 100 ग्राम फूल मखाने शामिल किए गए।

विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी
उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग श्री रावत राम कड़वासरा ने महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक “तिरंगा भोजन” अपनाने की सलाह दी। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान आयरन एवं फोलिक एसिड की नियमित गोलियां, कैल्शियम, एल्बेंडाजोल दवा तथा टीटी टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि फोलिक एसिड शिशु के मस्तिष्क विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

सीडीपीओ श्रीमती शारदा व्यास ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम गर्भावस्था पर महिलाओं को कुल 6500 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है, जिसमें केंद्र सरकार की ओर से 5000 रुपये तथा राज्य सरकार की ओर से 1500 रुपये शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दूसरी संतान के रूप में कन्या जन्म होने पर 6000 रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि भी प्रदान की जाती है।

जिला समन्वयक रॉकेट लर्निंग सुश्री रुखमा गोदारा ने प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अभिभावकों को बच्चों के समग्र विकास हेतु सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।

बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिला कार्मिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में ओसियां ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती संतोष देवी, महिला पर्यवेक्षक सुश्री फिरदौस, दर्शना मेहरा, हरकू भाकर एवं चन्द्रा कंवर सहित ओसियां क्षेत्र की 11 आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताएं, सहायिकाएं, धात्री महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button