शिविर में 47 यूनिट रक्तदान
जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन जोधपुर एवं रोटरी क्लब राउंड टाउन के संयुक्त तत्वावधान में झालामण्ड स्थित राजस्थान उच्च न्यायालय परिसर में न्यू एडवोकेट्स चैम्बर्स स्थित लॉयर्स एसोसिएशन सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में में 47 यूनिट रक्तदान किया गया। राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन के महासचिव मृगराज सिंह राठौड़ ने बताया कि आपातकालीन स्थिति में रक्त की आवश्यकता होने पर मरीज के मित्रों, घरवालों और रिश्तेदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों में स्वेच्छा से रक्तदान ना करने की प्रवृत्ति के कारण हमेशा रक्त की कमी की स्थिति बनी रहती है, वो कमी ऐसे रक्तदान शिविर आयोजनों से दूर होगी।
रोटरी क्लब राउंड टाउन के अध्यक्ष मुकेश सिंघवी एवं क्लब के सचिव रौनक लुंकड ने बताया कि शिविर में रोटरी क्लब के डिस्ट्रीक्ट गवर्नर संजय मालवीय, अमित सिंघल, लॉयर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विनोद चौधरी, कोषाध्यक्ष महावीर सिंह राठौड़ सहित कई गणमान्य लोगों ने उपस्थिति दर्ज करवाते हुए रक्तदाताओं की हौसला अफजाई की। शिविर में डॉ. त्रिलोक चन्द, डॉ. राहुल भंडारी, नर्सिंग स्टाफ सीमा प्रजापत, रमेश बढियार, सुरेन्द्र बाबल, सुमन शर्मा, विकास नायक एवं विनोद राव ने रोटरी क्लब ब्लड बैंक की ओर से अपनी सेवाएं दी। शिविर के अंत में लॉयर्स एसोसिएशन एवं रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने समस्त रक्तदाताओं एवं अधिवक्ता श्रेयांश मेहता का इस शिविर के सफल आयोजनार्थ धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया।