ग्रीन पार्क में गणगौर बंदोला की रौनक, सांस्कृतिक परंपरा का दिखा सुंदर नजारा
जोधपुर। शहर के माहेश्वरी ग्रीन पार्क (बिड़ला स्कूल के पास) में गणगौर बंदोला का आयोजन धूमधाम और पारंपरिक उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत दृश्य देखने को मिला। देवी गौरी को समर्पित यह पावन पर्व वैवाहिक सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ श्रद्धा भाव से मनाया गया।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में पीले और सुनहरे रंग की वेशभूषा निर्धारित की गई, जो बसंत ऋतु और नई फसल के सुनहरे रंग का प्रतीक है। पूरे आयोजन स्थल को पारंपरिक सजावट से सजाया गया, जहां भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। गणगौर बंदोला के तहत श्रद्धालुओं ने पारंपरिक पूजा-अर्चना, लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। यह बंदोला गणगौर के मुख्य पर्व से पूर्व मनाया जाने वाला उत्सव है, जिसमें समाज के लोग सामूहिक रूप से एकत्रित होकर खुशियां मनाते हैं। इस अवसर पर सीमा बिड़ला, रेखा डागा, पूनम राठी, नेहा बिड़ला, रेखा राठी, मनीषा शाह, किरण राठी और रीतू बिड़ला सहित कई महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।