10वीं बोर्ड में इकरा बानो ने 97.50% अंक हासिल कर रचा इतिहास, परिवार व समाज का बढ़ाया मान
पाली । राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में वन्दे मातरम् सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जय नगर की छात्रा इकरा बानो ने 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की है। इकरा की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
इकरा बानो एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता एक लोडिंग टैक्सी ड्राइवर हैं, जबकि माता एक निजी विद्यालय में अध्यापिका हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने अपनी तीनों बेटियों को शिक्षित करने का संकल्प लिया और हर परिस्थिति में उनका साथ दिया। उनका यह जज्बा—“दो रोटी कम खा लेंगे, लेकिन बच्चियों को जरूर पढ़ाएंगे”—आज समाज के लिए प्रेरणा बन गया है।
इकरा तीन बहनों में सबसे बड़ी हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया कि आर्थिक अभाव सफलता में बाधा नहीं बनता। इकरा ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के संचालक राजेन्द्र सिंह भाटी एवं सभी गुरुजनों को दिया। उन्होंने बताया कि शिक्षकों ने उन्हें परिवार के सदस्य की तरह मार्गदर्शन और स्नेह दिया, वहीं उनकी माता ने निरंतर प्रेरित कर उनका आत्मविश्वास बढ़ाया।
विद्यालय प्रबंधन और स्टाफ ने इकरा की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इकरा की सफलता उन परिवारों के लिए एक प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
इकरा बानो की यह उपलब्धि समाज को यह संदेश देती है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, बल्कि परिवार और समाज का गौरव बन रही हैं।