नरेंद्र पवार ने 95.50% अंक लेकर किया नाम रोशन, विजय आदर्श विद्यालय का परीक्षा परिणाम रहा उत्कृष्ट
सोजत सिटी। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा मंगलवार को घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में स्थानीय विजय आदर्श माध्यमिक विद्यालय का प्रदर्शन शानदार रहा। विद्यालय के छात्र नरेंद्र पवार ने 95.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। उन्होंने सभी विषयों में विशेष योग्यता अर्जित की है और आगे चलकर राज्य प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य रखा है।
विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगातार उत्कृष्ट रहा है। पिछले पांच वर्षों से विद्यालय कक्षा 10वीं में बेहतरीन परिणाम देता आ रहा है। इस वर्ष माध्यमिक परीक्षा में कुल 10 विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें से 7 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी तथा 3 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
उत्कृष्ट परिणाम पर विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक संघ जिला संरक्षक सत्तू सिंह भाटी, सोजत महोत्सव समिति के सचिव चेतन व्यास, प्रधानाचार्य दिनेश सोलंकी, दुर्गेश व्यास, श्रीमती पूनम भटनागर, गजेंद्र सिंह मफावत, शाहबाज खान, आशा माली, विजयलक्ष्मी दवे, विद्या भार्गव, किरण त्रिवेदी एवं पारस जांगिड़ ने साफा व माला पहनाकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय की अन्य कक्षाओं का परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा। कक्षा 8वीं में 21 तथा कक्षा 5वीं में 17 विद्यार्थी प्रविष्ट हुए और सभी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।