पार्षदों को स्वच्छता अभियान के प्रति जागरूक किया
जोधपुर। इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम उत्तर के पार्षदों की कार्यशाला का आयोजन किया गया।
नगर निगम पुराना परिसर में आयोजित इस कार्यशाला में महापौर उत्तर कुन्ती परिहार एवं उपमहापौर अब्दुल करीम जॉनी सहित कई पार्षद मौजूद थे। कार्यशाला में इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय के अजयवर्धन सिंह ने पार्षदों को इग्नू की ओर से चलाए जा रहे अभियान के बारे में जानकारी दी, साथ ही शहर को स्वच्छ और सुंदर कैसे बनाया जा सकता है, इस पर प्रजेंटेशन दिया। महापौर उत्तर कुन्ती परिहार ने बताया कि आगामी महीने में स्वच्छता सर्वेक्षण कार्यक्रम होने वाला है। इसको लेकर नगर निगम उत्तर की ओर से पूरा प्रयास किया जा रहा है कि शहर को प्रथम पांच शहरों की सूची में शामिल करवाया जाए। नगर निगम कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधि भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने को लेकर पार्षदों की क्या भूमिका है और कैसे सभी मिलकर शहर को स्वच्छ बना सकते हैं इसको लेकर यह कार्यशाला आयोजित की गई थी। कार्यशाला में पार्षदों ने अपने अपने सुझाव सुझाव रखे, साथ ही सभी पार्षदों ने महापौर को हर संभव पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया।