यमराज और चित्रगुप्त यात्रियों को बता रहे है जान बचाने के उपाय
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। जोधपुर रेल मंडल के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को जीवन क्षति से बचाने तथा सुरक्षित यात्रा करने के संदेश देने के लिए रेलवे सुरक्षा बल जोधपुर द्वारा ऑपरेशन यमराज नामक विशेष अभियान शुरु किया गया है। मंडल रेल प्रबन्धक गीतिका पाण्डेय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान में यमराज और चित्रगुप्त के वेश में आरपीएफ के जवान यात्रियों को रेलों में सुरक्षित यात्रा करने तथा मानव जीवन को बचाने सम्बन्धी संदेश दे रहे हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी गोपाल शर्मा ने बताया कि मंडल रेल प्रबन्धक गीतिका पाण्डेय की पहल पर शुरु किए गए ऑपरेशन यमराज नाम से चलाए जा रहे अभियान में दीपावली पर्व पर नरक चर्तुदशी के दिन यमदीप दान की परंपरा को भी जोड़ा गया है। जिस प्रकार यमदीप दान की परंपरा भी अकाल मृत्यु के भय से बचने के लिए की जाती है,उसी प्रकार अभियान में यमराज और चित्रगुप्त का रुप रचे हुए आर.पी.एफ. के जवान आम जनता और रेल यात्रियों को संदेश दे रहे हैं कि थोड़ी सी लापरवाही भी जीवन के लिए भारी पड़ सकती है तथा जीवन कालरुपी यमराज ले जा सकते हैं।
मंडल सुरक्षा आयुक्त डा.अभिषेक के निर्देशन में तैयार इस कार्यक्रम में आम लोगों को अनाधिकृत रुप से रेललाइन को पार नहीं करने, ट्रेन की छत या पायदान व दरवाजे पर यात्रा नहीं करने एवं समपार फाटकों पर सावधानीपूर्वक रेलवे लाइन पार करने का संदेश रोचक तरीके से दिया जा रहा है। कोविड 19 महामारी के चलते यात्रियों को ठीक तरीके से मॉस्क पहनने, दो गज की दूरी बनाए रखने की विशेष हिदायत भी दी जा रही है। दीपावली पर्व होने के कारण यात्रियों को रेल में सफर के दौरान खतरनाक व ज्वलनशील पदार्थ्लेकर यात्रा नहीं करने तथा यदि कोई सहयात्री ऐसा करता हुआ पाया जाए तो तुरंत इसकी सूचना निकटतम रेलकर्मी को देने का आग्रह भी किया जा रहा है। यात्रियों को नियमों की अनुपालना नहीं करने पर रेल अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही किए जाने संबंधी प्रावधानों के बारे में अवगत कराया जा रहा है।