श्रेष्ठ युवा मण्डल पुरस्कार के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाई

सेवा भारती समाचार।

जोधपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के स्वायत्तशाषी संगठन नेहरू युवा केन्द्र संगठन द्वारा पंजीकृत युवा मंडलों को दिए जाने वाले श्रेष्ठ युवा मण्डल पुरस्कार 2020-21 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 नवम्बर तक बढ़ा दी गई है। इसमें 25 हजार रुपए की राशि एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाना है। जिला युवा समन्वयक राजेश चौधरी ने बताया कि नेहरू युवा केन्द्र संगठन से प्राप्त मार्गदर्शिकानुसार युवा मण्डल द्वारा वित्त वर्ष 2019-20 में आयोजित की गई गतिविधियों के आधार पर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित चयन समिति द्वारा ग्रेडिंग कर पुरस्कार के लिए चयन किया जाएगा। युवा मण्डल द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, व्यावसायिक प्रशिक्षण, साक्षरता, महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद कार्यक्रमों, सामुदायिक सम्पति के निर्माण, अल्प बचत, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता कार्यक्रम, केन्द्र द्वारा आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सहभागिता एवं राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय दिवस/सप्ताह आदि क्षेत्रों में किए गए कार्यों को मद्देनजर रखकर श्रेष्ठ युवा मण्डल के पुरस्कार के लिये चयन किया जाएगा। वर्ष 2019-20 के अतिरिक्त अन्य वर्षों में की गई गतिविधियों की गणना पुरस्कार हेतु नहीं की जायेगी। मण्डल का सोसायटी एक्ट में पंजीयन होना अनिवार्य है। वे मंडल जो विगत दो वित्त वर्षों में इस हेतु विजेता घोषित किये गये हैं, इस चयन प्रक्रिया में भाग लेने के योग्य नहीं हैं। आवेदक युवा मंडल की ऑडिट रिपोर्ट आवेदन पत्र के साथ संलग्न होना आवश्यक है।
जिला स्तर पर चयनित श्रेष्ठ युवा मण्डल का आवेदन पत्र राज्य स्तरीय चयन के लिये भी अग्रेषित किया जाएगा। राज्य स्तर पर पुरस्कार राशि प्रथम स्थान हेतु 75 हजार रुपए का एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेता को क्रमश: तीन लाख, एक लाख एवं पचास हजार की राशि का प्रावधान मय प्रमाण पत्र है।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button