एक ही दिन में 70 हजार से अधिक मास्क वितरित
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम की ओर से चलाए गए नो मास्क-नो वोट की मुहिम का बड़ा असर नजर आया और नगर निगम ने एक ही दिन में रिकॉर्ड 70 हजार से अधिक मास्क वितरित किए। नगर निगम आयुक्त रोहिताश्व तोमर ने बताया कि गुरुवार को नगर निगम उत्तर के 80 वार्डो के लिए 624 मतदान बूथ पर मतदान करने आने वाले मतदाताओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को देखते हुए इस बार जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम में विशेष इंतजाम किए। प्रत्येक मतदान केंद्र में प्रवेश से पहले हाथों को सेनेटाइज करने और मास्क नहीं होने पर मास्क उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम में 2 कर्मचारी तैनात किए। तोमर ने बताया कि मतदान केंद्रों पर एक ही दिन में 70,000 से अधिक मास्क वितरित किए गए जो अब तक एक ही दिन में सर्वाधिक मास्क वितरण का रिकॉर्ड है।
नगर निगम आयुक्त रोहिताश्व तोमर ने बताया कि नगर निगम अधिकारियों ने श्रमिक मंडियों में श्रमिकों को नि:शुल्क मास्क उपलब्ध कराएं। नगर निगम एक्सईएन, मुख्य सफाई निरीक्षक और वार्ड प्रभारियों ने शहर में जहां-जहां भी श्रमिक एकत्रित होते हैं, वहां जाकर उन श्रमिकों को मास्क के का महत्व बताया और मास्क के नहीं होने पर मजदूरों के साथ ही उन्हें मास्क के नियमित उपयोग करने, दो गज की दूरी बनाए रखने, हाथों को सेनेटाइज करने की अपील की गई।