बिना अनुमति निर्माण कार्य करवाने पर दो बिल्डिंग सीज
जोधपुर। नगर निगम ने बिना अनुमति निर्माण कार्य करवाने पर दो बिल्डिंग को सीज करने की कार्रवाई की।
निगम आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने बताया कि शहर के शोभावतों की ढाणी क्षेत्र में विमला देवी ने नगर निगम की अनुमति के बिना दुकानों का निर्माण कार्य करवा लिया। नगर निगम की ओर से भूखंड मालिक विमला देवी को नोटिस जारी कर भवन निर्माण अनुमति एवं भू स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। निगम के नोटिस दिए जाने के बावजूद भी भूखंड मालिक की ओर से कोई भी प्रतिउत्तर नहीं दिया गया, जिस पर नगर निगम अतिक्रमण दीपक कनौजिया को यह बिल्डिंग सीज करने के आदेश दिए गए। ओला के निर्देश पर अतिक्रमण प्रभारी दीपक कनौजिया की टीम ने मौके पर निर्माणाधीन अवैध दुकानों को सीज किया। वहीं शहर के नागौरी गेट रोड पर मोहित गुप्ता द्वारा निगम की बिना अनुमति के बहुमंजिला इमारत बनाए जाने का मामला सामने आया। आयुक्त रोहिताश्व तोमर ने बताया कि भूखंड मालिक मोहित गुप्ता ने मौके पर बी प्लस जी प्लस 3 का निर्माण कार्य करवा लिया। निगम की ओर से भवन निर्माण संबंधी दस्तावेज मांगे जाने के बावजूद भी बिल्डिंग मालिक ने कोई संतोषजनक जवाब नही दिया। निगम आयुक्त रोहिताश्व तोमर के निर्देश पर अतिक्रमण प्रभारी मोहनकिशन व्यास, सह प्रभारी रवि बारासा की टीम ने बहुमंजिला बिल्डिंग को सीज करने की कार्रवाई की।