श्री श्याम सेवा ट्रस्ट की पहल से राजकीय बालिका विद्यालय में 3 करोड़ का विकास प्रोजेक्ट, 70 लाख का निर्माण पूरा

सोजत। सेवा का पर्याय बने श्री श्याम सेवा ट्रस्ट सोजत की ओर से राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से व्यापक निर्माण एवं विकास कार्य करवाया जा रहा है। अब तक करीब 70 लाख रुपए के निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। संपूर्ण प्रोजेक्ट के तहत विद्यालय में 8 कक्षाकक्ष, 60×100 फीट का विशाल हॉल, 2 मुख्य द्वार, कंप्यूटर कक्ष, एमडीएम रसोईघर, 20 टॉयलेट तथा पूरी बाउंड्रीवाल का निर्माण शामिल है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद विद्यालय पाली जिले में उत्कृष्ट एवं आदर्श निर्माण की मिसाल बनेगा। विद्यालय का नामकरण लक्ष्मीनारायण ओमप्रकाश मूंदड़ा बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय किए जाने की जानकारी दी गई।

निर्माण कार्य में समाजसेवी ब्रह्म प्रकाश मूंदड़ा प्रेरक की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं प्रधानाचार्य श्रीमती श्यामा चारण एवं प्रवीण गुप्ता के सद्प्रयासों से निर्माण कार्य पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है।

शनिवार को एसडीएमसी-एसएमसी सदस्यों ने विद्यालय पहुंचकर निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति तंवर, राजेश तंवर, पार्षद ओमप्रकाश चौहान ‘गुरु’, अधिवक्ता प्रफुल्ल ओझा, पार्षद धर्मिष्ठा भाटी, रामावतार भाटी, चेतन व्यास, वाइस प्रिंसिपल मनीषा अग्रवाल, चुन्नीलाल बोस, नंदकिशोर पटेल, लक्ष्मी चौहान एवं दिनेश व्यास मौजूद रहे। सदस्यों ने निर्माण कार्य और प्रस्तावित सुविधाओं को देखकर प्रसन्नता जताई तथा भामाशाह मूंदड़ा परिवार के सहयोग के लिए साधुवाद ज्ञापित किया।

विद्यालय में वर्तमान में करीब 750 विद्यार्थियों का नामांकन है। कक्षा 1 से 5 तक 13 छात्राएं एवं 7 छात्र, कक्षा 6 से 8 में 1 छात्र एवं 83 छात्राएं, कक्षा 9-10 में 209 छात्राएं तथा कक्षा 11-12 में 260 छात्राएं अध्ययनरत हैं। कक्षा 11-12 में कला वर्ग में 235 तथा विज्ञान वर्ग में 25 छात्राएं हैं। विद्यालय में उर्दू, हेल्थ केयर, ब्यूटी सहित अन्य कौशल आधारित विषयों के साथ एनएसएस एवं स्काउट-गाइड की गतिविधियां भी संचालित हैं। छात्राओं को विभिन्न विशिष्ट स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण भी करवाया जाता है। विद्यालय में वाणिज्य संकाय खोलने के प्रयास भी किए जा रहे हैं

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button