सोजत महोत्सव को लेकर बैठक आयोजित, 11 अक्टूबर से होगा भव्य आगाज

सोजत। स्थानीय बस स्टैंड स्थित उम्मेद गौशाला में सोजत महोत्सव समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश तंवर मुख्य अतिथि, वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा अध्यक्ष तथा संयोजक अनोप सिंह लखावत, पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल एवं पालिका उपाध्यक्ष राकेश पंवार विशिष्ट अतिथि रहे।
बैठक में महोत्सव समिति के इवेंट एक्सपर्ट पुष्पतराज मुणोत ने आयोजन को लेकर विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए, जिनका उपस्थित सदस्यों ने अनुमोदन किया। समिति अध्यक्ष एवं पार्षद जोगेश जोशी ने प्रतिवर्ष होने वाले आयोजन में नगर पालिका की प्रमुख भूमिका रखने का सुझाव दिया। इस प्रस्ताव का पार्षद ओमप्रकाश चौहान गुरु, सुधीर दवे, राकेश देवड़ा एवं नरेश सोनी सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने समर्थन किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सोजत महोत्सव का आगाज 11 अक्टूबर को शारदीय नवरात्रि के अवसर पर सेजल माता मंदिर में भव्य महाआरती के साथ किया जाएगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं, ऐतिहासिक दुर्ग पर लाइट एंड साउंड शो, आकर्षक आतिशबाजी सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान सत्यनारायण गोयल, चेतन व्यास, महेंद्र मेहता, हितेंद्र व्यास, ताराचंद सैनी एवं सत्तु सिंह भाटी ने आयोजन को लेकर उपयोगी सुझाव दिए तथा कार्यक्रमों की नियोजित प्रस्तुति को लेकर अपने विचार रखे।
बैठक में अशोक सैन, चुन्नीलाल बोस, रसीद गौरी, जवरीलाल बौराणा,अकरम खान, महेंद्र सिंह राव,मनोज कुमार एवं दीपक सिंह राजपुरोहित सहित अनेक सदस्य एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
बैठक के समापन के बाद समिति सदस्यों ने महोत्सव के प्रस्तावित आयोजन स्थलों एवं ऐतिहासिक दुर्ग का अवलोकन किया। वहीं उम्मेद गौशाला सचिव पुष्पतराज मुणोत एवं सदस्य अनोप सिंह लखावत ने गौशाला की ओर से नव निर्वाचित पार्षदों का स्वागत किया।