गौड़ ब्राह्मण महासभा का प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न
दिनेश गौड़ पुनः जिलाध्यक्ष चुने गए
जोधपुर। सिंधु महल, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में गौड़ ब्राह्मण महासभा राजस्थान की जोधपुर इकाई द्वारा प्रतिभा सम्मान एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर मातृशक्ति, युवा शक्ति एवं मुख्य कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित हुआ। सर्वसम्मति से दिनेश गौड़ को पुनः जोधपुर जिला अध्यक्ष चुना गया, जबकि डॉ. क्षितिज महर्षि को संरक्षक नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश पूरण शर्मा रहे। कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष विजय हरितवाल, प्रदेश महामंत्री रामस्वरूप जोशी, युवा प्रदेशाध्यक्ष पंकज पचलंगिया, संभाग प्रभारी जगदीश शर्मा, युवा संभाग प्रभारी जोगेंद्र गौड़, मातृशक्ति प्रदेश महिला अध्यक्ष जसोदा गौड़, युवा अध्यक्ष मुरलीधर गौड़ सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान समाज के भामाशाहों, वरिष्ठ नागरिकों एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को ‘गौड़ विभूषण सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सभी सम्मानितजनों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
कार्यक्रम का संचालन सुभाष शर्मा एवं संजय गौड़ ने किया।