रोशनी में चमका क्रिकेट का महाकुंभ, सोजत सुपर प्रीमियर लीग का शानदार शुभारंभ

सोजत। शहर में पहली बार भव्य स्तर पर आयोजित रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता सोजत सुपर प्रीमियर लीग (एसएसपीएल) का उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। एक सप्ताह तक चलने वाले इस खेल महोत्सव में प्रतिदिन करीब सात मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में पाली जिले की विभिन्न टीमें भाग ले रही हैं, जिससे खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में एसएससी क्लब सोजत सिटी और पाली वॉरियर्स आमने-सामने हुए। मैच शुरू होते ही मैदान पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में खेल उत्सव जैसा माहौल बन गया। फ्लडलाइट्स की रोशनी में खेले जा रहे मुकाबलों ने दर्शकों का खास आकर्षण केंद्र बना दिया।

आयोजन समिति सदस्य विशाल कांकलिया, दीपक पंवार, मनीष टांक, पुनीत दवे, उगमराज सांखला एवं तरुण सोलंकी ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिनसे दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिलेगा। खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

उद्घाटन समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, उदयपुर संभाग सह प्रभारी जुगलकिशोर निकुम, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश पंवार, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल ओझा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरपतराज सोलंकी, अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी, देवीलाल मेघवाल, प्रफुल ओझा, श्यामलाल गहलोत, महेंद्र देवासी, दिनेश देवासी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही सोजत में क्रिकेट का उत्सव शुरू हो गया है। आगामी दिनों में होने वाले मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह बना हुआ है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button