33 लाख रुपए का नगरीय विकास कर जमा किया
जोधपुर। राज्य सरकार की ओर से नगरीय विकास कर में दी गई छूट का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम दक्षिण द्वारा शास्त्रीनगर फायर स्टेशन में विशेष कैंप लगाया गया जहां करीब 33 लाख रुपए का नगरीय विकास कर जमा किया गया।
महापौर दक्षिण वनिता सेठ ने बताया कि बकाया नगरीय विकास कर जमा कराने को लेकर राज्य सरकार ने 31 मार्च तक विशेष छूट का प्रावधान किया है, इस छूट का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए नगर निगम दक्षिण प्रत्येक वार्ड में विशेष शिविरों का आयोजन कर रहा है। इन शिविरों में मौके पर ही आमजन को यूडी टैक्स के बिल दिए जा रहे हैं, साथ ही शिविर स्थल पर ही नगरीय विकास कर जमा किया जा रहा है। महापौर वनिता सेठ ने बताया कि नगर निगम की आय बढ़ाने को लेकर निगम कर्मियों के साथ पार्षद भी अपना सक्रिय सहयोग निभा रहे हैं। शास्त्रीनगर फायर स्टेशन पर आयोजित शिविर में पार्षद योगेश व्यास, नरेश जोशी और पूजा राठी ने अपने-अपने वार्डों में लोगों को बकाया नगरीय विकास कर जमा कराने के लिए प्रेरित किया। वार्ड वासियों ने भी पार्षदों की अपील का सम्मान रखते हुए अपना बकाया नगरीय विकास कर जमा कराया और एक ही दिन में करीब 33 लाख रुपए का नगरीय विकास कर जमा हुआ।