मारवाड़ ट्रैवल मार्ट के तीसरे दिन कारोबार और संस्कृति का शानदार संगम

अमृतम पैलेस में दिनभर चलीं बी2बी बैठकें, ओसियां के धोरों पर सजे डेजर्ट एक्सपीरियंस ने मोहा मेहमानों का मन

जोधपुर। मारवाड़ ट्रैवल मार्ट 2026 के दूसरे दिन सोमवार को जोधपुर और मारवाड़ की पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया के पर्यटन बाजार से जोड़ने वाला शानदार आयोजन देखने को मिला। दिनभर चले कार्यक्रमों में पर्यटन कारोबार से जुड़े बायर्स और सेलर्स के बीच बी2बी मीटिंग्स का दौर चला, वहीं शाम को ओसियां के रेगिस्तानी परिवेश में आयोजित डेजर्ट एक्सपीरियंस और रात की सांस्कृतिक संध्या ने आयोजन को यादगार बना दिया।
दूसरे दिन की शुरुआत सुबह होटल्स से हॉस्टेड बायर्स को अमृतम पैलेस पहुंचाने के साथ हुई। इसके बाद टूर ऑपरेटर्स ने रजिस्ट्रेशन डेस्क पर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की और बी2बी मीटिंग के लिए आवश्यक कार्ड प्राप्त किए। जोधपुर कलेक्टर आलोक रंजन ने मार्ट की प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया। कलेक्टर ने FHTR के चेयरमैन सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, सचिव तरुण बंसल, JHARA के अध्यक्ष जेएम बूब व सचिव राजेश सिंघवी के साथ मार्ट में लगी 125 स्टॉल्स का निरीक्षण किया। इसमें तीन दरी , एक पोट्री व एक ऑर्गेनिक स्टाल भी शामिल रही। कलेक्टर आलोक रंजन ने मार्ट को ऐतिहासिक बताते हुए जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान के पर्यटन उद्योग के लिए मिल का पत्थर बताया।
कारोबारी रिश्तों के लिए दिनभर संवाद
प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद अमृतम पैलेस में बायर-सेलर बी2बी मीटिंग्स का सिलसिला शुरू हुआ जो शाम तक चला। इस दौरान अलग-अलग स्टॉल्स पर पंजीकृत खरीदारों और विक्रेताओं के बीच बैठकें आयोजित की गईं।
इन बैठकों में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे के पर्यटन उत्पादों, सेवाओं और संभावित व्यावसायिक सहयोग को समझा। मारवाड़ समेत राजस्थान के विभिन्न पर्यटन स्थलों को व्यापक पर्यटन बाजार से जोड़ने तथा नए कारोबारी संपर्क विकसित करने की दिशा में यह सत्र खास रहा।
 बी2बी बैठकों का औपचारिक चरण पूरा होने के बाद हॉस्टेड बायर्स, स्पॉन्सर्स और आमंत्रित अतिथि ओसिया स्थित होटल गेटवे पहुंचे।
ओसियां के धोरों पर दिखा मरुधरा का जादू
 ओसियां में विशेष डेजर्ट एक्सपीरियंस आयोजित किया गया। ढलते सूरज की सुनहरी रोशनी, रेत के धोरों और मरुधरा के प्राकृतिक परिवेश ने मेहमानों को राजस्थान के रेगिस्तानी पर्यटन की विशिष्ट अनुभूति कराई। इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि राजस्थान के डेजर्ट टूरिज्म की संभावनाओं और उसकी विशिष्ट पहचान को पर्यटन कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों के सामने जीवंत रूप में प्रस्तुत करना भी रहा।
कल्चरल नाइट में झलकी मारवाड़ की रंगत
रात को आयोजित कल्चरल नाइट एवं नेटवर्किंग डिनर तीसरे दिन का प्रमुख आकर्षण रहा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान की लोक परंपराओं और मारवाड़ की सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की गई। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए पर्यटन प्रतिनिधियों ने इस सांस्कृतिक अनुभव का आनंद लिया।
कल्चरल नाइट के साथ आयोजित नेटवर्किंग डिनर ने पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों को अनौपचारिक माहौल में आपसी संवाद का अवसर दिया। दिनभर कारोबारी चर्चाओं के बाद यह शाम संपर्कों को मजबूत करने और नए व्यावसायिक रिश्तों की संभावनाओं पर बातचीत का अवसर बनी।
*मारवाड़ की पहचान को वैश्विक पर्यटन बाजार से जोड़ने की पहल*
मारवाड़ ट्रैवल मार्ट के दूसरे दिन की गतिविधियों में कारोबारी बैठकों के साथ मारवाड़ की संस्कृति, रेगिस्तान, आतिथ्य और पर्यटन विरासत को प्रमुखता से सामने रखा गया। एक ओर जहां बी2बी मीटिंग्स ने पर्यटन कारोबार को नई संभावनाओं से जोड़ने का मंच दिया, वहीं ओसियां का डेजर्ट एक्सपीरियंस और सांस्कृतिक संध्या ने मेहमानों को मारवाड़ की वास्तविक जीवनशैली और सांस्कृतिक रंगों से परिचित कराया। इस तरह मार्ट का तीसरा दिन व्यापार, पर्यटन, संस्कृति और नेटवर्किंग के चारों आयामों को एक मंच पर समेटते हुए संपन्न हुआ। मंगलवार को दो बजे के बाद मार्ट आम लोगों के लिए खोला जाएगा जिसमें जोधपुराइट्स पर्यटन के इस ऐतिहासिक आयोजन से रूबरू हो सकेंगे।
Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button