फोरेवर हेल्प संस्था का राष्ट्रीय वार्षिक सम्मान समारोह सम्पन्न

गणमान्य नागरिकों को मिला 'फोरेवर लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड', विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

जोधपुर। फोरेवर हेल्प संस्था, जोधपुर की ओर से रविवार को शास्त्री सर्कल स्थित स्टील भवन में राष्ट्रीय वार्षिक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में खेल, शिक्षा, समाजसेवा, पत्रकारिता, साहित्य, कानून, चिकित्सा, पर्यावरण संरक्षण एवं रक्तदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अनेक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री एवं जेडीए के पूर्व चेयरमैन राजेन्द्र सोलंकी थे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वैज्ञानिक डॉ. रूकैया बानो एवं महेश कुमार पंवार उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में करणसिंह राठौड़ (बाबा रामदेव संस्थान) शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सलीम खान ने की।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री एवं जेडीए के पूर्व चेयरमैन राजेन्द्र सोलंकी ने अपने संबोधन में कहा कि फोरेवर हेल्प संस्था, जोधपुर द्वारा राष्ट्रीय वार्षिक सम्मान समारोह का आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान करना गौरव की बात है और इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

सोलंकी ने कहा कि फोरेवर हेल्प संस्था पिछले कई वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है। संस्था पौधरोपण, रक्तदान, चिकित्सा सेवा, गौसेवा, पशु-पक्षियों की सहायता सहित अनेक सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज में अपनी महत्वपूर्ण पहचान बना चुकी है। उन्होंने संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

संस्था के अध्यक्ष लियाकत खान वारसी ने बताया कि कौमी एकता एवं सद्भावना को समर्पित इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सात विशिष्ट हस्तियों को ‘फोरेवर लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में वरिष्ठ पत्रकार गुरूदत्त अवस्थी, हबीब कैफी, उस्ताद न्याज अहमद, राजू व्यास, कौशल्या अग्रवाल, रजिया खातून (बूंदी) एवं अब्दुल सलीम कादरी शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि खेल जगत में देश का नाम रोशन करने वाली 12 प्रतिभाओं को ‘खेल रत्न सम्मान’, समाजसेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 21 प्रतिभाओं को ‘विशिष्ट सेवा सम्मान’ तथा 14 युवाओं को ‘फोरेवर युवा सेवा सम्मान’ प्रदान किया गया।

समारोह में नरेश कुमार गोयल, एंजेल कुमारी, इसरार खान, अलमास अली, दक्ष भगराना, ईरम जहां, रणवीर मकवाना, प्रांशु जोशी, मंजू राठौर, रहीम अंसारी, इश्राकुल इस्लाम माहिर, यासीन खान सिंधी, तेज कंवर, डॉ. आदम सिसोदिया, दीपक पुरोहित, युवा पार्षद इरफान अब्बासी, फिटनेस एक्सपर्ट नौशाद अंसारी, शाहिदा खान, रॉयल ग्रुप, सलमा खान मेहर, उल्फत शाकिर, वेद रावत पुरी गोस्वामी, अयूब खान, पत्रकार इम्तियाज खान, एस.के. मुन्ना फोटोग्राफर, अधिस्वीकृत पत्रकार गुलाम मोहम्मद, समीर खान (एक्टर), दिलीप गवैया, एडवोकेट कृष्णा राठौड़, डॉ. इमरान खान, टीपू सुल्तान संस्थान, जिया मोयल, शोएब, मोइन खान, वसीम अख्तर, फरहान अंजुम, नावेद मोदी, रऊफ शेख, नरसिंह गहलोत, एडवोकेट संजीदा खान, मोहम्मद आमीन, मोहम्मद आशिक एवं अरबाज खान सहित अनेक प्रतिभाओं को मोमेंटो, तिरंगा पट्टी एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान फोरेवर हेल्प संस्था के तमन्ना खान, मोहम्मद इरफान अब्बासी, दिलीप कुमार, विक्रम, तौकीर शेख, आसिफ चढ़वा सहित सभी कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन अरुण सिंह चौहान ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, खिलाड़ी, शिक्षाविद, पत्रकार एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button