रुखसार बानो (हिना) ने आरपीएससी लाइब्रेरियन भर्ती में मेरिट 70 हासिल कर बढ़ाया सोजत का मान, गोल्ड मेडल से भी हो चुकी हैं सम्मानित

सोजत। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी), अजमेर की ओर से आयोजित कॉलेज शिक्षा विभाग की लाइब्रेरियन भर्ती में सोजत निवासी रुखसार बानो (हिना) ने मेरिट 70 प्राप्त कर चयन हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। रुखसार बानो सेवानिवृत्त सीनियर नर्सिंग ऑफिसर मोहम्मद बसीर खान की पुत्री हैं। उन्होंने शिक्षा और सरकारी सेवा के क्षेत्र में लगातार प्रगति करते हुए यह मुकाम हासिल किया है।
रुखसार बानो की शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो उन्होंने कक्षा 10वीं में 85.93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए तथा गार्गी पुरस्कार से सम्मानित हुईं। कक्षा 12वीं में फिजिक्स, मैथ्स और केमिस्ट्री विषयों के साथ 80.92 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद वर्ष 2014 में बीटेक (इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स) की डिग्री प्राप्त की। वर्ष 2016 में पुस्तकालय विज्ञान में डिप्लोमा किया तथा मास्टर डिग्री एमलिब में गोल्ड मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वर्तमान में वे पुस्तकालय विज्ञान में पीएचडी कर रही हैं।
सरकारी सेवा के क्षेत्र में भी रुखसार बानो ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। कर्मचारी चयन आयोग, जयपुर के माध्यम से उनका चयन पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर हुआ और 5 मई 2018 को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गिड़ामालानी (बाड़मेर) में नियुक्ति मिली। इसके बाद 6 अगस्त 2018 को राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर में जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट (पुस्तकालय) के पद पर कार्यभार संभाला। अब वर्ष 2026 में राजस्थान लोक सेवा आयोग के माध्यम से कॉलेज शिक्षा विभाग में लाइब्रेरियन पद पर चयनित होकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।
रुखसार बानो की यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाती है। उनकी उपलब्धि पर परिवारजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।