31वें जोधपुर क्रिश्चियन कन्वेंशन का समारोहपूर्वक समापन
युवाओं को दिए जीवन में पवित्रता और सेवा के संदेश

जोधपुर। सेंट एंड्रयूज हॉल में 17 से 21 अक्टूबर तक आयोजित पांच दिवसीय 31वें जोधपुर क्रिश्चियन कन्वेंशन (जेसीसी) का समारोहपूर्वक समापन हुआ। कन्वेंशन के अंतिम दिन बुधवार सुबह आराधना के बाद युवाओं के लिए विशेष सेशन आयोजित किया गया। इसमें रेव्ह. सैम मिशेक ने युवाओं को जीवन में पवित्रता, अच्छे आचरण, परमेश्वर के प्रति समर्पण और समाजसेवा का संदेश दिया।
रेव्ह. सैम मिशेक ने कहा कि जवानी जीवन का सबसे ऊर्जावान और अनमोल दौर है। इसे साधारण या तुच्छ नहीं समझना चाहिए, क्योंकि परमेश्वर युवावस्था में व्यक्ति के जीवन से विशेष पवित्रता और गुणों की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने मुंह से बुरी बातें न कहें, बल्कि दूसरों को प्रोत्साहित करने वाले शब्दों का प्रयोग करें। उनका व्यवहार ऐसा हो, जिससे मसीह की सुगंध फैले। वे दूसरों के प्रति मददगार और विनम्र बनें तथा युवावस्था के भटकावों के बीच भी प्रतिदिन परमेश्वर के साथ समय बिताएं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को अपना चाल-चलन परमेश्वर के सम्मुख पवित्र रखना चाहिए। प्रभु ने प्रत्येक व्यक्ति को विशेष प्रतिभा और वरदान दिए हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग समाज के उत्थान तथा देशहित के कार्यों में करना चाहिए। इस विशेष सेशन में बड़ी संख्या में मसीह समाज के युवा उपस्थित रहे।
बच्चों की प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा
मीडिया प्रभारी नवीन पॉल और संजीव बहादुर ने बताया कि कन्वेंशन के दौरान बच्चों के लिए चित्रकला, गायन और फैंसी ड्रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
वक्ताओं का सम्मान, आयोजन समिति का आभार
समापन समारोह में चेयरमैन रेव्ह. अमित कुमार श्रेष्ठ और रेव्ह. दलेर मसीह ने विशेष वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए। सचिव अनुराग लाल ने सभी आगंतुकों, अतिथियों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने 31वें जोधपुर क्रिश्चियन कन्वेंशन को सफल बनाने में जेसीसी कमेटी के सभी सदस्यों के योगदान की सराहना की और कहा कि सभी सदस्यों ने पूर्ण निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं, जिससे आयोजन उत्साह और आध्यात्मिक उल्लास से भरपूर रहा।
इस अवसर पर रेव्ह. अमित कुमार श्रेष्ठ, रेव्ह. अविनाश मैसी, रेव्ह. दलेर मसीह, रेव्ह. क्रूस लॉयल, सचिव अनुराग लाल और कोषाध्यक्ष रॉबिंसन विलियम उपस्थित रहे।
31वें जेसीसी के सफल आयोजन में नवीन पॉल, संजीव बहादुर, अमित बेंजामिन, रवि जॉन, सैमसन मैसी, विजेश कुमार, पवन जेम्स, सैमुअल मैसी, फ्रांसिस मैसी, अंशुल अगस्टिन और अजय जॉर्ज ने विभिन्न व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं संदीप मसीह और क्वायर के सभी सदस्यों को मधुर एवं सुंदर धार्मिक गीतों की प्रस्तुति के लिए विशेष धन्यवाद दिया गया।
सामूहिक प्रार्थना के साथ समापन
समारोह के अंतिम चरण में जोधपुर के विभिन्न गिरजाघरों के धर्मगुरुओं ने आमंत्रित अतिथियों के साथ हाथ पकड़कर जेसीसी के सफल आयोजन के लिए परमेश्वर का धन्यवाद किया। साथ ही प्रार्थना की कि आने वाले वर्षों में भी सभी को पुनः एक साथ मिलने और ऐसे आध्यात्मिक आयोजन करने का अवसर प्राप्त हो।
अंत में प्रभु की प्रार्थना की गई। जेसीसी के अध्यक्ष रेव्ह. अमित कुमार श्रेष्ठ ने आशीष वचन के साथ सभा का समापन किया।
