पेयजल संकट और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर मगरिया कॉलोनीवासियों ने सौंपा ज्ञापन

सोजत। भीषण गर्मी के बीच मगरिया आवासीय कॉलोनी के निवासियों ने क्षेत्र में पेयजल संकट सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में कॉलोनीवासियों ने बताया कि मगरिया बेरा रोड स्थित हरिजन बस्ती एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई परिवारों को अपनी दैनिक जरूरतों की पूर्ति के लिए निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र की सड़कें जर्जर और क्षतिग्रस्त होने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।

निवासियों ने वाल्मीकि समाज भवन के समीप बने नाले की निकासी व्यवस्था बंद होने से गंदे पानी के जमाव और स्वच्छता संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की जानकारी भी दी। साथ ही पर्याप्त लाइट पोल नहीं होने के कारण रात के समय क्षेत्र में अंधेरा रहने तथा बढ़ती आबादी को देखते हुए नए विद्युत कनेक्शनों और अन्य सुविधाओं की आवश्यकता पर भी ध्यान आकर्षित किया।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद राजेश तंवर ने कॉलोनीवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए तत्काल राहत के लिए ट्यूबवेल एवं पानी की टंकी की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के सभी समुदायों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि पेयजल, सड़क, नाला निकासी और विद्युत सुविधाओं सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करवाई जाएगी।

इस दौरान कॉलोनीवासियों ने राजेश तंवर का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर विश्वास जताया।

ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान प्रमोद ढंजा, भूरा खान, घनश्याम वाल्मीकि, बाबूलाल, रोहित, महेंद्र चांगरा, भूपेंद्र चौहान, अयूब खान, प्रशांत, किशनलाल, सरला, किरण देवी, साजन, जतिन, सुशील, अमित सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button