अंतरराष्ट्रीय स्पाइन कॉन्फ्रेंस में डॉ. नवीन मेवाड़ा ने बढ़ाया जोधपुर का गौरव
जोधपुर। बेंगलुरु में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय स्पाइन कॉन्फ्रेंस में डॉ. नवीन मेवाड़ा ने नेशनल फैकल्टी के रूप में भाग लेकर जोधपुर और व्यास मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का गौरव बढ़ाया।
यह सम्मेलन American Academy of Orthopaedic Surgeons के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसमें भारत, अमेरिका सहित विभिन्न देशों के वरिष्ठ स्पाइन विशेषज्ञों ने भाग लिया।
कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. नवीन मेवाड़ा ने “स्पाइन सर्जरी में होने वाली जटिलताएँ एवं उनका प्रबंधन” विषय पर अपना शोध, अनुभव और आधुनिक उपचार तकनीकों पर आधारित प्रस्तुतीकरण दिया। उनकी प्रस्तुति और विचारों को उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा सराहा गया।
सम्मेलन में आधुनिक स्पाइन सर्जरी तकनीकों, जटिल मामलों के उपचार, मरीजों की शीघ्र रिकवरी और बेहतर परिणामों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। डॉ. मेवाड़ा ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच चिकित्सकों को वैश्विक स्तर की नई तकनीकों और अनुभवों को सीखने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे मरीजों को बेहतर एवं उन्नत उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।
इस अवसर पर व्यास मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के चेयरमैन मनीष व्यास ने स्पाइन विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि अस्पताल आधुनिक तकनीकों और विशेषज्ञ सेवाओं के माध्यम से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य क्षेत्र के मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें उपचार के लिए अहमदाबाद या मुंबई जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़े।