आकांक्षा पालावत को पीएचडी की उपाधि
जोधपुर। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा जोधपुर निवासी आकांक्षा पालावत को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। उन्होंने “राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में ‘राजस्थान सुजस’ पत्रिका का योगदान : एक विश्लेषणात्मक अध्ययन (वर्ष 2011 से 2020 के विशेष संदर्भ में)” विषय पर अपना शोधकार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
यह शोधकार्य हिंदी विभागाध्यक्ष एवं पूर्व अधिष्ठाता, कला संकाय प्रो. एस. के. मीणा के निर्देशन में संपन्न हुआ। शोध में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में ‘राजस्थान सुजस’ पत्रिका की भूमिका का विस्तृत और विश्लेषणात्मक अध्ययन किया गया है।
अध्ययन में यह विश्लेषण किया गया कि किस प्रकार ‘राजस्थान सुजस’ पत्रिका के माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई तथा इन योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में पत्रिका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शोध में वर्ष 2011 से 2020 के दौरान प्रकाशित अंकों के आधार पर योजनाओं के प्रचार-प्रसार, सूचना प्रसार की प्रभावशीलता और जनसंचार के दृष्टिकोण से उसके प्रभाव का गहन अध्ययन किया गया है।
आकांक्षा पालावत की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।