सोजत सिटी में ‘बिजनेस मित्र’ टीम द्वारा एक दिवसीय बाल खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन

सोजत सिटी। सामाजिक संस्था ‘बिजनेस मित्र’ टीम के तत्वावधान में एक दिवसीय बाल खेल प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में लगभग 150 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मोबाइल और डिजिटल दुनिया से दूर रखकर पारंपरिक खेलों से जोड़ना, साथ ही उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

प्रतियोगिता के दौरान ऊँची कूद, लंबी कूद, जलेबी खाने की प्रतियोगिता, रस्साकशी सहित अनेक रोचक और पारंपरिक खेल आयोजित किए गए। विशेष आकर्षण का केंद्र रस्साकशी प्रतियोगिता रही, जिसमें बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों ने भी भाग लिया, जिससे कार्यक्रम और अधिक मनोरंजक बन गया। पूरे दिन बच्चों में जोश, उमंग और आनंद का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का कुशल संचालन अध्यापक सोनू सोलंकी एवं नकुल कश्यप द्वारा किया गया। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप बैग, पेंसिल, नोटबुक, अध्ययन सामग्री, टिफिन एवं पानी की बोतल वितरित की गई।

इस अवसर पर ‘बिजनेस मित्र’ टीम के संस्थापक महेंद्र सिंह राव ने बताया कि संस्था का उद्देश्य बच्चों को खेलों के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय और संस्कारित नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

इस खेल गतिविधि में कन्हैया लाल राव, भीकाराम, लाल सिंह, देवेंद्र सिंह राव, योगेश, जिगर, संजय, हिमांशु, भरत, दीपांशु, खुशवीर, नरेंद्र, चित्रांश, आरती, नीतू सहित बिजनेस मित्र टीम के सदस्य एवं नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों एवं अभिभावकों ने ‘बिजनेस मित्र’ टीम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button