ट्रैक्टर-ट्रॉली के गुप्त बॉक्स से 308 किलो डोडा पोस्त बरामद, सोजत पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सोजत।सोजत पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली में छिपाकर ले जाया जा रहा 308 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी है।
यह कार्रवाई गुरुवार देर शाम जोधपुर–सोजत स्टेट हाईवे संख्या 58 पर की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए डोडा पोस्त की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सुकड़ी नदी पुलिया के पास नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाया। शुरुआती जांच में ट्रॉली खाली नजर आई, लेकिन संदेह के आधार पर जब गहन तलाशी ली गई तो ट्रॉली के नीचे बना एक विशेष टूल बॉक्स सामने आया। हाइड्रोलिक सिस्टम की मदद से ट्रॉली को ऊपर उठाकर बॉक्स खोला गया, जहां 19 प्लास्टिक कट्टों में भरा 308 किलो डोडा पोस्त मिला।
सोजत सीओ रतनाराम देवासी ने बताया कि मौके से जोधपुर जिले के कापरड़ा थाना क्षेत्र के रामड़ावास कलां निवासी अरुण को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह देवड़ा व उपनिरीक्षक गोपाल सिंह शेखावत ने किया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि डोडा पोस्त कहां से लाया गया था और इसे किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना है।