सोजत में सांसद खेल महोत्सव का भव्य आगाज, ‘खेलो इंडिया फिट इंडिया’ अभियान को बल
सोजत सिटी। सोजत विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने और ‘खेलो इंडिया फिट इंडिया’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय सांसद खेल महोत्सव का शनिवार को पी एम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रंगारंग शुभारंभ हुआ। 19 वर्ष व 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में सोजत ब्लॉक की विभिन्न पंचायतों, क्लस्टरों और शहरी क्षेत्रों के विजयी खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जुगल किशोर निकुंम (जिला सहसंयोजक, सांसद खेलकूद महोत्सव) ने किया। उद्घाटन समारोह में कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) दलपत सिंह सांखला, विधानसभा संयोजक श्यामलाल गहलोत, जिला उपाध्यक्ष भंवरलाल सेनचा, उप प्रधान कन्हैयालाल ओझा, पार्षद गौतम और धीरज, मंडला सरपंच दलपत सीरवी और प्राचार्य व संयोजक राकेश कश्यप सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।
सभी अतिथियों का स्थानीय आयोजकों द्वारा साफा और माल्यार्पण कर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
खेल संस्कृति और स्वस्थ भारत पर जोर:
उद्घाटन सत्र के दौरान वक्ताओं ने खेल के महत्व पर प्रकाश डाला:
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दलपत सिंह ने सभी प्रतिभागियों से सांसद खेल महोत्सव को सफल बनाने और ‘खेलो इंडिया फिट इंडिया’ अभियान को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
प्राचार्य एवं संयोजक राकेश कश्यप ने प्रतियोगिता का परिचय और विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
जिला सहसंयोजक श्यामलाल गहलोत ने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, स्वदेशी खेलों को मुख्य धारा से जोड़ने और युवाओं को शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रफुल्ल ओझा ने “फिट युवा फॉर विकसित भारत” के लक्ष्य पर जोर देते हुए बालिकाओं में खेल के प्रति विशेष रुचि और उत्साह जागृत करने की बात कही।
कार्यक्रम का सफल संचालन पप्पू कुमार जीनगर ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, शिक्षकगण और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।