संत नामदेव महाराज की 755वीं जयंती: देश की पहली आध्यात्मिक साइकिल एवं रथ यात्रा का सोजत में भव्य स्वागत

सोजत। संत शिरोमणि नामदेव महाराज की 755वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली गई देश की पहली आध्यात्मिक साइकिल एवं रथ यात्रा का शनिवार दोपहर सोजत पहुंचने पर भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया।

 

महाराष्ट्र के पंढरपुर से पंजाब के घुमान तक 5000 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह यात्रा 2 नवंबर, कार्तिक शुक्ल एकादशी के दिन शुरू हुई थी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य संत नामदेव महाराज के धर्म, शांति, समानता और भाईचारे जैसे सात्विक विचारों का प्रचार-प्रसार करना है।

 

मरुधर केसरी में पुष्पमालाओं से स्वागत

महाराष्ट्र और गुजरात से होते हुए यह यात्रा शनिवार दोपहर को सोजत पहुंची। यहां गुरु सेवा समिति मरुधर केसरी में नामदेव सेवा समिति के नेतृत्व में नामदेव छीपा समाज और संत नामदेव विठ्ठल भक्तों ने यात्रियों का पुष्पमालाओं से हार्दिक अभिनंदन किया।

 

इस अवसर पर संत नामदेव रथ में स्थापित चरण पादुका की विधिवत पूजा-अर्चना की गई और देश में शांति, समानता एवं सामाजिक एकता की कामना की गई।

 

यात्रा में शामिल करीब 100 साइकिल यात्री और भजन मंडली के सदस्यों के लिए मनोज कुमार जसनगर द्वारा अल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था की गई।

 

भागवत धर्म के प्रचार का लक्ष्य

भागवत धर्म प्रचारक और सोहला पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूर्यकांत भिसे ने बताया कि यह यात्रा संत शिरोमणि नामदेव महाराज द्वारा उत्तर भारत में किए गए भागवत धर्म के प्रचार और ध्वज को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से निकाली गई है। उन्होंने बताया कि घुमान में सिख समुदाय भी संत नामदेव के विचारों से प्रभावित होकर उनका भव्य मंदिर बनवाया है। यह यात्रा श्री विठ्ठल की भक्ति, शांति, समानता और भाईचारे के प्रचार हेतु भागवत धर्म प्रचार मंडल, राज्य पालखी सोहला पत्रकार संघ, नामदेव समाजोन्नति परिषद और समस्त नामदेव शिंपी समाज द्वारा आयोजित की गई है।

 

यह यात्रा का चौथा वर्ष है, जो आठ राज्यों से होकर गुजरेगी और 3 दिसंबर को श्री क्षेत्र घुमान पंजाब पहुंचेगी। यात्रा में सूर्यकांत भिसे के साथ खजांची मनोज मांढरे, सदस्य राजेन्द्रकृष्ण कापसे, चैतन्य फुलसरे सहित करीब 150 विठ्ठल नामदेव भक्तगण शामिल हैं।

 

स्वागत करने वाले प्रमुख लोग

इस अवसर पर मोतीलाल अडाणिया (जिलाध्यक्ष स्वर्णकार समाज पाली), सुभाष सोनी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, स्वर्णकार समाज सोजत), वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पारस सोनी, नरेश सोनी कुकरा, अशोक सोनी धूपड, नीतेश सोनी मोसूण, कैलाश सोनी कुकरा, दिनेश जी जांगलवा, किशन लाल सोनी (बीजेपी राष्ट्रीय पर्यवेक्षक बगड़ी), गजेंद्र सोनी, प्रकाश सोनी आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

 

सोजत के बाद यह यात्रा अब अपने अगले पड़ाव की ओर रवाना होगी, जो 3 दिसंबर को पंजाब के घुमान में समाप्त होगी।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button