सोजत में ‘उल्लास’ नवभारत साक्षरता कार्यशाला संपन्न: निरक्षरता उन्मूलन के लिए 160 सर्वेयर ने लिया प्रशिक्षण

सोजत । राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत संचालित नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सोजत नगर स्थित सीरवी किसान छात्रावास में एकदिवसीय ब्लॉक स्तरीय आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान एवं उपखंड अधिकारी श्री मासिंगाराम मौजूद रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दलपत सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और “उल्लास” कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्यों और भविष्य की कार्य योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना है।

40 पंचायत स्तरीय अधिकारियों और 160 सर्वेयर को प्रशिक्षण

इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में ब्लॉक की 40 पंचायत स्तरीय शिक्षा अधिकारियों पीईईओ के साथ-साथ लगभग 160 सर्वेयरों ने गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया।

 

दक्ष प्रशिक्षकों, एसीबीईओ द्वितीय मो. रफीक, सुमेर सिंह, सरदार सिंह और ऋतुराज सिंह ने विभिन्न सत्रों में मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में निर्धारित प्रारूप के अनुसार उल्लास कार्यक्रम के महत्व, डिजिटल लिटरेसी (डिजिटल साक्षरता) की आवश्यकता और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने सर्वेयरों और पीईईओ के दायित्वों और जिम्मेदारियों पर भी विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम की सफल योजना और रचना में एसीबीईओ प्रथम बगदाराम जांगिड़, कार्यालय कार्मिक नरपत राम, विजय और समस्त टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

इस अवसर पर चैयरमैन प्रतिनिधि जुगल किशोर निकुंम, भामाशाह अनोप सिंह लखावत , समाजसेवी राजेश तंवर, छात्रावास प्रबंधक छैलाराम चौधरी सहित कई गणमान्य नागरिक और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। यह कार्यशाला सोजत ब्लॉक को पूर्ण साक्षर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button