भक्ति का सैलाब: संत रविदास के जयकारों से गुंजायमान हुआ नगर, भव्य शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
सोजत । शहर में रविवार को संत शिरोमणि रविदास जयंती का पर्व पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। रैगर समाज द्वारा आयोजित भव्य शोभायात्रा के दौरान भक्ति का ऐसा ज्वार उमड़ा कि शहर की सड़कें छोटी पड़ गईं। गाजे-बाजे और भक्ति गीतों की गूंज के बीच निकली इस यात्रा का शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत किया।
सजे-धजे रथ में विराजमान थे संत शिरोमणि, दर्शन को उमड़े लोग।
भक्ति गीतों पर झूमती दिखीं महिलाएं, पारंपरिक उत्साह के साथ मना महोत्सव।
भक्ति मार्ग पर बढ़ा कारवां
समाज भवन में विशेष पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई यह शोभायात्रा काका चौराहा, बस स्टैंड, राजपोल गेट और चांदपोल गेट होते हुए गुजरी। यात्रा में सबसे आगे गाजे-बाजे चल रहे थे, जिसके पीछे सजे हुए रथ में संत रविदास की प्रतिमा और अखंड ज्योत के दर्शन के लिए लोग लालायित दिखे।
महिलाओं ने किया भावविभोर नृत्य
शोभायात्रा का विशेष आकर्षण भक्ति गीतों पर झूमती महिलाएं रहीं, जिन्होंने पूरे मार्ग में नृत्य कर माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।
शोभा यात्रा में रैगर समाज सचिव हीरालाल सिगाड़िया, जवरीलाल, तोलाराम, रामेश्वरलाल, वीरबहादुर, गोविद, चम्पालाल खोरवाल, सोहनलाल, शिवलाल, हरिराम, हीरालाल आर्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की।
शहर के मुख्य द्वारों और चौराहों पर विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा पर फूलों की बारिश की। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह स्वल्पाहार और पेयजल की व्यवस्था भी की गई थी।