उमेद उद्यान में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया
महिलाओं ने तिरंगा फहराकर मनाया गर्व का पर्व
जोधपुर। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उमेद उद्यान में देशभक्ति की भावना से सराबोर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योगाचार्य राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में तिरंगा फहराया गया। इस विशेष कार्यक्रम में योगाभ्यास करने वाली महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि महिलाओं ने तिरंगे के बीच उत्साह से भरपूर देशभक्ति नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया। इस अवसर पर नन्ही फातिमा खान (जोनू) भी विशेष आकर्षण बनीं, जो महिलाओं के बीच तिरंगे रंग के गुब्बारों और झंडों के साथ आनंदित होकर देशप्रेम का उत्सव मना रही थीं।
कार्यक्रम के बाद उपस्थित सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और मिठाइयों का वितरण किया। इस अवसर पर महिलाओं ने मिलकर मजबूत और समृद्ध राष्ट्र निर्माण का संकल्प भी लिया।
इस आयोजन में न केवल नियमित रूप से योग करने वाली महिलाएं शामिल हुईं, बल्कि अन्य कई स्थानीय महिलाएं भी जुड़ीं और इस गौरवपूर्ण पल को पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया।