सोजतरोड में निकली पहली विशाल पुरुष कांवड़ यात्रा: हर हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा नगर

रिपोर्टर आमिर रज़ा खान

 

सोजत रोड। सुंदरकांड मंडल के तत्वावधान में रविवार को नगर में पहली बार विशाल पुरुष कांवड़ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। ब्रह्मनिष्ठ स्वामी निर्मलस्वरूप महाराज के सानिध्य में यह पावन यात्रा निकाली गई और महाकालेश्वर मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक किया गया।

प्रातः काल सुकड़ी नदी के पावन जल में हरिद्वार से लाया गया गंगाजल मिश्रित कर कलशों में भरा गया। तत्पश्चात महाकालेश्वर मंदिर में जल कलशों का पूजन कर यात्रा को विधिवत आरंभ किया गया। धर्मध्वज वाहक शिवराम माली नृत्य करते हुए सबसे आगे चल रहे थे।

 

यात्रा में 111 बाल, युवा और प्रौढ़ कांवड़िए “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ डीजे की भक्ति धुनों पर थिरकते हुए नगर की गलियों से गुजरे। बाल कांवड़ियों की अनुशासित पंक्तियों में चलते हुए छवि देखकर महिलाएं और माताएं भावविभोर होकर झूम उठीं।

 

अनिल व्यास, करणसिंह, गजेन्द्र सोनी, नितेश सोनी और रामावतार नाथूसिंह के मार्गदर्शन में निकली इस यात्रा ने नगर में धार्मिक उल्लास और भक्ति भावना की लहर दौड़ा दी। रास्ते भर श्रद्धालु नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

 

स्टेट बैंक चौराहे पर राधारानी महिला मंडल द्वारा पुष्पवर्षा कर मंडल अध्यक्ष कानसिंह का भव्य स्वागत किया गया। यात्रा माली मोहल्ला, फुलाद मार्ग, बगड़ी मार्ग, सुभाष चौक आदि प्रमुख मार्गों से होते हुए सम्पन्न हुई।

 

यह आयोजन नगर की धार्मिक एकता, उत्साह और श्रद्धा का प्रतीक बन गया, जिसे लंबे समय तक स्मरण किया जाएगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button